आजमगढ़। रमजान माह में खरीदारी को लेकर दुकानों पर रोजेदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर से लेकर गांव तक के बाजार तरह- तरह की सेवइयों और कपड़ों से पट गए हैं। इन दुकानों पर पहुंच कर लोग अपने मनपसंद के कपड़े खरीद रहे हैं। ज्येलरी और कास्मेटिक की दुकानों पर महिलाएं अपने पसंद की ज्वेलरी खरीद रही हैं। हालांकि दुकानदारों की माने तो अभी पहले जैसी खरीदारी नहीं हो पा रही है। वह ईद और नजदीक आने पर दुकानों पर ग्राहकों के आने की संभावना जता रहे है। आधा रमजान का पाक महीना बीत चुका है। अलविदा जुमे की नमाज व ईद आने वाली है। ईद की तैयारी को लेकर रोजेदारों की बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। उधर बाजार में तरह-तरह की दुकानें सज कर तैयार हैं। कपड़े, जूते, चप्पल, सेवई, कास्मेटिक व ज्वेलरी की दुकानों पर खरीदारी के लिए रोजेदारों की भीड़ लग जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक लोग खरीदारी कर रहे हैं। अन्य त्योहारों से ईद का पर्व खास होता है इस दिन लोग अपने घरों पर कई प्रकार के व्यंजन बनाते हैं। इनमें सेवई खास होती है। ईद के पर्व पर किसी प्रकार की कमी न रह जाए इसको लेकर मुस्लिम वर्ग में तैयारी पहले से चल रही है। अपने अलावा नात रिश्तेदारों के लिए भी कपड़ों की खरीदारी कर पहुंचाया जा रहा है। कपड़े सिलवाने के लिए दर्जी की दुकानों पर भीड़ लग गई। शहर से लेकर ग्रामीणांचलों की बाजारों में ईद की तैयारी जोरों पर चल रही है।
शहर के तकिया, पहाड़पुर, पुरानी कोतवाली, चौक के साथ ही बिलरियागंज, जीयनपुर, अतरौलया, रानी की सराय, निजामाबाद, सरायमीर, फूलपुर, लालगंज, जहानागंज , मेंहनगर आदि बाजारों में दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सजाया गया है। तेज धूप के कारण लोग सुबह-शाम ही दुकानों पर पहुंच कर खरीदारी कर रहे हैं। ईद पर्व और नजदीक आने पर बाजारों में खरीदारी को लेकर और चहल-पहल बढ़गी।