नगर पंचायत सरायमीर के मवेशी खाना के पास शुक्रवार की दोपहर मनबढ़ों की पिटाई से घायल रामलीला समिति के अध्यक्ष द्वारा तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज लोग अपनी-अपनी दूकानें बंदकर शनिवार को थाने का घेराव किया और कार्रवाई की मांग करने लगे। हंगामा होने से बौखलाई पुलिस ने आनन-फानन में रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शेष की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर थानाध्यक्ष ने एक घंटे बाद मामले को शांत कराया। लौट रहे लोगों ने शिथिलता बरतने पर पुन: घेराव की चेतावनी दी।
सरायमीर कस्बा निवासी इंजीनियर अमृतलाल गुप्ता रामलीला समिति के अध्यक्ष हैं। शुक्रवार की दोपहर अमृतलाल किसी काम से जा रहे थे। कस्बे के मवेशी खाने के पास राजापुर सिकरौर गांव निवासी गुफरान अहमद कई लोगों के साथ खड़ा था। इन लोगों ने अकारण ही अमृतलाल को लात-घूसों से मारपीटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद अमृतलाल ने थाने पर शिकायत की। पुलिस उनका मेडिकल मुआयना भी करवाई लेकिन आगे की कोई कार्रवाई नहीं की। मनबढ़ शनिवार को भी खुलेआम घूमते दिखे। इस बात से नाराज कस्बे के लोग अपनी दूकानें बंदकर थाने पहुंच गए और घेराव कर कार्रवाई की मांग करने लगे।
भारी संख्या में बाजारवासियों को देख पुलिस आनन-फानन में गुफरान अहमद, उसके भाई रुमान सहित अन्य समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर इन दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। शेष की जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर थानाध्यक्ष ने सुबह दस बजे से चल रहा घेराव एक घंटे बाद समाप्त करवा दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत सरायमीर के अध्यक्ष रामप्रकाश यादव, अनिल सेठ, अखिलेश जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे। एसओ सरायमीर संतलाल यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। शेष की तलाश जारी है।