फूलपुर विकास खंड के भेड़िया और अहरौला विकास खंड के अतरडीहा गांव की मतगणना का कार्य बुधवार को दोनों विकास खंड मुख्यालयों पर सकुशल संपन्न हो गया।
मतगणना के बाद भेड़िया में शिवपूजन को और अतरडीहा में दिनेश राजभर को विजयी घोषित किया गया।
बताते चलें कि फूलपुर विकास खंड की भेड़िया और अहरौला विकास खंड की अतरडीहा सीट पर तीसरे चरण में पांच दिसंबर को ही मतदान होना था।
लेकिन नामांकन के बाद दोनों सीटों पर नामांकन दाखिल कर चुके एक-एक प्रत्याशियों की मौत के बाद जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई द्वारा दोनों ग्राम पंचायतों के चुनाव को रद्द कर दिया गया था। बाद में चुनाव के तिथियों की घोषणा की गई जिसके तहत मंगलवार को मतदान हुआ था।
मतदान के बाद गुरूवार को दोनों विकास खंड मुख्यालयों पर मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे शुरू होकर दोपहर तक चला। जिसमें फूलपुर विकास खंड की भेड़िया सीट पर शिवपूजन यादव ने शिवशंकर यादव को सात मतों से पराजित कर विजय हासिल की।
वहीं अहरौला ब्लाक की अतरडीहा सीट पर दिनेश राजभर ने मृतक प्रत्याशी की पत्नी परमी देवी को 84 मतों से पराजित कर गांव का मुखिया होने का गौरव हासिल किया।
मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए विकास खंड मुख्यालयों पर पुलिस और पीएसी के जवानों की व्यापक पैमाने पर तैनाती की गई थी।