राजकीय बालिका इंटर कालेज में यूपी बोर्ड की परीक्षा देती छात्राएं।
शुक्रवार को इंटरमीडिएट की पहली पाली में संस्कृत प्रथम और दूसरी पाली में गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में कई केंद्रों पर जमकर नकल हुई। दोनों पालियों में नकल सामग्री का इस्तेमाल करने पर कुल सात परीक्षार्थियों को रेस्टीकेट कर दिया गया, जबकि सामूहिक नकल में पीरपुर सार्वजनिक इंटर कालेज मित्तूपुर को काली सूची में डालने की संस्तुति संयुक्त शिक्षानिदेशक ने की है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक रामचेत ने बताया कि पहली पाली में इंटर संस्कृत द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान उन्होंने 10.5 पर पीरपुर सार्वजनिक इंटर कालेज मित्तूपुर का निरीक्षण किया। कक्ष संख्या दो में शिक्षक रामधारी यादव ड्यूटी कर रहे थे। परीक्षार्थी बेतरतीब बैठे थे। तलाशी के दौरान तीन परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का इस्तेमाल करते पाए जानेपर रेस्टिकेट कर दिया गया। बिना ड्यूटी के संस्कृत अध्यापक रमेशचंद्र उपस्थित थे। एक परीक्षार्थी सितारा देवी और शिक्षक राकेश कुमार, शोभाराम पाल के पास से मोबाइल मिला जिसे केंद्र व्यवस्थापक के पास जमा करा दिया गया। कार्यालय कक्ष से मोबाइल संस्कृत का गाइड मिला जिसे सीज कर लिया गया। इस स्थिति से सामूहिक नकल होना प्रतीत हुआ। इस केंद्र को काली सूची में डालने की संस्तुति की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. वीपी सिंह को वरिष्ठ अध्यापक को इस केंद्र का व्यवस्थापक नियुक्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अध्यापक राकेश कुमार, शोभाराम पाल और रमेशचंद्र के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। कप्तानगंज संवादाता के मुताबिक इंटर की दूसरी पाली की गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान श्रीमती गुजराती देवी इंटर कालेज गगनपुर हिंछनपट्टी में नकल करते पाए गए चार परीक्षार्थियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट ने रेस्टिकेट कार दिया।