शहर से सटे हाफिजपुर गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की सुबह बाइक चलाने के विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही भाग निकला। मृत युवक की जेब से मिले मोबाइल के जरिए उसकी पहचान हुई। पुलिस ने उसके घर वालों को सूचना देकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया । पंपकर्मी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी कमलेश यादव (18) पुत्र सुरेश यादव की क्षेत्र के एक युवक से गहरी दोस्ती थी। दोनों अक्सर साथ ही रहते थे। गुरुवार की शाम कमलेश अपने घर से मित्र के साथ निकला, इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने समझा कि वह किसी रिश्तेदारी में गया है। शुक्रवार को अलसुबह करीब 4.30 बजे कमलेश अपने मित्र के साथ हाफिजपुर पंप पर तेल भराने पहुंचा। जहां सेल्समैन चंद्रभूषण यादव ने इनकी बाइक में सौ रुपये का पेट्रोल भरा। इस दौरान बाइक कमलेश चला रहा था। तेल भराने के बाद कमलेश का मित्र चलाने के लिए बाइक मांगने लगा। इसी बात को लेकर कमलेश और उसके साथी के बीच विवाद हो गया। तभी साथी ने तमंचा निकाल कर कमलेश के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही कमलेश जमीन पर गिर पड़ा। जब तक पंप के कर्मचारी कुछ समझ पाते कि आरोपी पैदल ही भाग निकला। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने शहर कोतवाली को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ सिटी शिवनाथ गुप्ता, शहर कोतवाल शिशिर त्रिवेदी वहां पहुंच गए। तलाशी के दौरान कमलेश की जेब से उसका मोबाइल बरामद हुआ। जिसके जरिए कमलेश की पहचान कर पुलिस ने उसके घर वालों को सूचना दी। साथ ही कमलेश की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। कमलेश चार भाई, बहन में छोटा था। वह घर पर ही रहता था। पेट्रोल पंप के सेल्समैन चंद्रभूषण यादव की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली र्गई है। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि गोली मारने वाले की पहचान कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।