ब्लॉक प्रमुख पद चुनाव की तिथियों को लेकर लग रहे कयास पर सोमवार को विराम लग गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी।
एक फरवरी को जिलाधिकारी चुनाव की अधिसूचना जारी करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय राकेेश सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री एक फरवरी से ही शुरू हो जाएगी। चुनाव सात फरवरी को होंगे।
पांच फरवरी को 11 से तीन बजे तक नामांकन होगा। तीन बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। छह फरवरी को 11 से तीन बजे तक नाम वापसी का समय है। सात फरवरी को 11 से तीन बजे तक मतदान और तीन बजे के बाद से मतगणना होगी। उसी दिन विजयी प्रत्याशियों को जिलाधिकारी सुहास एलवाई जिला मुख्यालय पर प्रमाणपत्र देंगे।
इसके लिए विकास खंड मुख्यालयों पर सहायक रिटर्निंग आफिसर की तैनाती होगी, जो जिला स्तर के अधिकारी होंगे। मतदाता सूची फोटोयुक्त होगी। नामांकन के समय प्रत्याशी, प्रस्तावक और अनुमोदक तीनों का फोटो लगाया जाएगा।
सामान्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की कीमत आठ सौ और आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की कीमत चार सौ रुपये निर्धारित है।
वहीं सामान्य जाति के उम्मीदवार को पांच हजार और आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवार को 2500 रुपये जमानत राशि जमा करनी होगी। बताया कि इस चुनाव में कुल 2145 बीडीसी सदस्य मतदान करेंगे। इसमें से चार-पांच ऐसे बीडीसी सदस्य हैं जो दो जगहों से निर्वाचित हैं। ऐसे में वह एक ही स्थान पर मतदान करेंगे।