आजमगढ़। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस और सिविल पुलिस की ओर से स्कूली वाहनों की सघन जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सड़कों पर अनफिट वाहन, नशे में चालक, बिना ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) वाले चालक और नाबालिग वाहन चलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को भी इस संबंध में सचेत किया जाएगा। यदि उनकी ओर से कोई लापरवाही पाई गई, तो उनकी आपराधिक संलिप्तता की जांच की जाएगी और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस अभियान में 70 यातायात कर्मचारी और आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के स्कूली वाहनों की सुरक्षा की जांच स्वयं करें। यह सुनिश्चित करना उनका दायित्व है कि उनके बच्चे जिस वाहन से स्कूल जाते हैं, वह पूरी तरह सुरक्षित हो। बिना सहयोग के कोई भी कार्य कर पाना संभव नहीं है।