आजमगढ़। ड्राप आउट बच्चों का परिषदीय स्कूलों में नामांकन कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ‘हर दिन आएं स्कूल’ अभियान चलाएगा। इस अभियान के माध्यम से स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाई जाएगी। अप्रैल माह से जिले में यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा। मजदूरी करने वाले बच्चों को विभाग चिह्नित करेगा और फिर इनका स्कूलों में प्रवेश कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव ने अभियान की शुरूआत करने के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किया है।
जिले में कुल 2702 विद्यालय संचालित हैं। इसमें 1737 प्राथमिक, 484 उच्च प्राथमिक और 481 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में कुल 411727 छात्र अध्ययनरत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कक्षा एक से लेकर आठ तक के बच्चों को बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। इसके बावजूद काफी संख्या में बच्चे शिक्षा से वंचित हैं। काफी संख्या में बच्चे मजदूरी करते हैं। इन बच्चों को साक्षर बनाने के लिए विभाग हर दिन आएं स्कूल अभियान चलाकर स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास जारी है। इसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं।