आजमगढ़। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं शुरू होने में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। बोर्ड सचिव का निर्देश है कि जिले में कक्ष निरीक्षकों का परिचय पत्र अनिवार्य रूप से बनाया जाए। संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों की सूची भी तैयार करने को कहा गया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 24 अप्रैल से प्रस्तावित हैं। केंद्र व्यवस्थापकों से लेकर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती भी होनी है। बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया है कि कक्ष निरीक्षकों और कर्मचारियों के परिचय पत्र भी अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। उस पर संबंधित शिक्षक व कर्मचारी और स्कूल का नाम, पदनाम, नियुक्ति तारीख, शैक्षणिक योग्यता, मोबाइल नंबर आदि रहेगा। प्रधानाचार्य से प्रमाणित परिचय पत्र को डीआईओएस प्रति हस्ताक्षरित करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए शिक्षकों का विवरण मांगा गया है। परीक्षा की तैयारी तेज कर दी गई है।