Satta Ka Sangram: अमर उजाला के चुनावी रथ सत्ता का संग्राम अभियान में आजमगढ़ के युवाओं ने अपना पक्ष खुलकर रखा। इस दौरान बेरोजगारी, शिक्षा के साथ गांव के विकास का मुद्दा भी उठा।
अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम सोमवार को आजमगढ़ जिले में पहुंचा। यहां युवाओं ने अपने विचार खुलकर सामने रखे। इस दौरान युवाओं में बेरोजगारी, आरक्षण और महंगी शिक्षा का दर्द दिखा। अधिकांश युवाओं ने कहा कि जिले में युवाओं को रोजगार के कोई अवसर नहीं है, नोएडा- दिल्ली व अन्य शहरों में जाना पड़ता है। जिले में बहुत कम कंपनियां हैं।
विज्ञापन
चुनावी रथ स्वामी सहजानंद पॉलिटेक्निक स्कूल पटवध सरैया पहुंचा तो युवाओं ने अपना-अपना पक्ष रखा। इस दौरान सत्यम ने कहा कि कोई भी सरकार हो, जो शिक्षा पर पूरा ध्यान दे। अच्छे शिक्षक और अच्छे राइटर की किताबें दें।
दिपेश ने कहा कि पूर्वांचल में विकास नहीं हुआ है। यहां कंपनियां बढ़ें तो युवाओं को नौकरी मिल सकती है। वर्तमान सरकार ठीक है, लेकिन पूर्वांचल में विकास नहीं हो रहा है। अजीत ने कहा कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो अच्छी शिक्षा के साथ रोजगार भी दे।
विज्ञापन
देवेश ने कहा कि मैं पहली बार वोट करूंगा, मैं चाहता हूं कि चुनाव में पार्दर्शिता हो। मैं जिसको वोट दूं वहां पहुंचे। मो. अजहा ने कहा कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो पढ़ाई पूरी करने के बाद हमें रोजगार दे। हरिओम यादव ने कहा कि हमें इस बात का डर सताता है कि कहीं हम जो परीक्षा दे रहे हैं उसका पेपर न आउट हो जाए।
अमन विश्वकर्मा कहते हैं कि गांव में सड़क, नाली नहीं बना है। सरकार ऐसी होनी चाहिए, जो देश का विकास करने के साथ ही गांव का भी विकास करें। प्रवीन कहते हैं कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो जिले से पलायन रोके।