निजामाबाद थाने के असिलपुर पुलिया के पास सोमवार दोपहर बाद ढाई बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने सराफा व्यवसायी पर तमंचे के बट से हमला कर 15 हजार रुपए और 12 लाख के सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सीओ सदर ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
फूलपुर कोतवाली के मंगल बाजार निवासी जोखू सेठ दूकानदारों से आर्डर लेकर आभूषण तैयार करवाकर आपूर्ति करते हैं। सोमवार को जोखू आभूषणों की आपूर्ति देने के निकले थे। वह निजामाबाद बाजार होते हुए फरिहां बाजार की ओर जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार, असिलपुर पुलिया के पास पहुंचने पर पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने जोखू की बाइक में टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उनकी जेब से रुपये और आभूषण छीनने लगे।
जोखू के विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे की मुठिया से उनके सिर पर हमला कर घायल कर दिया और 15 हजार रुपये और 12 लाख के 400 ग्राम सोने के आभूषण लूटकर सभी चंपत हो गए। किसी तरह जोखू फरिहां पुलिस चौकी पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। वहां पुलिस ने थाने में शिकायत करने की सलाह दी। तब जोखू निजामाबाद थाने पहुंचे और वारदात की सूचना दी। इसके बाद सीओ सदर और निजामाबाद थाने की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।
तगादा कर लौट रहे मुनीम से 2.28 लाख की लूट : गौरी गांव के पास रविवार की रात साढ़े दस बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तगादा कर लौट रहे मुनीम को तमंचा सटाकर 2.28 लाख रुपये और गाड़ी की चाबी लूट ली। मामले में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। अतरौलिया निवासी जयराम जायसवाल हार्डवेयर और जनरल स्टोर के सामान के थोक विक्रेता हैं।
इनके यहां अतरौलिया निवासी छोटू मद्धेशिया मुनीम और संजय कर्मचारी तथा इटौरी निवासी मुकेश शुक्ला चालक है। तीनों पिकअप से क्षेत्र के बाजारों में सामान सप्लाई और तगादा करते हैं। रविवार को छोटू, संजय और मुकेश सामान सप्लाई करने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे अहरौला बाजार के एक दूकानदार के यहां से अतरौलिया के लिए निकले। तीनों लोगों के अनुसार जैसे ही ये लोग बाजार से आगे बढ़े, इनके पीछे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश लग गए।
अहरौला-अतरौलिया मुख्य मार्ग पर स्थित गौरी गांव के पास बदमाश ओवरटेक कर आगे निकले और बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर पिकअप रोकवा दिया। फिर तीनों बदमाशों ने असलहे निकालकर पिकअप चालक और मुनीम छोटू मद्धेशिया की कनपटी से सटा दिया और बैग तथा पिकअप की चाबी लेकर खजुरी गांव की तरफ भाग गए। बैग में तगादा के 2.28 लाख रुपये थे। वारदात के बाद छोटू ने फोन कर मालिक को सूचना दी। इसके बाद जयराम अहरौला थाने पहुंचे और अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश जारी है