सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने बृहस्पतिवार को पीएचसी जिगनी और सीएचसी मेंहनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले चिकित्साधिकारी, डॉक्टर सहित 11 कर्मचारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिगनी में निरीक्षण के समय डॉ. अबरार अहमद उपस्थित मिले। सीएमओ ने बताया कि वार्ड ब्वाय राम सिंह, डार्क रूम असिस्टेंट सुरेंद्र विशारद, एलटी मृत्युंजय पांडेय, स्टाफ नर्स माग्रेट, डेंटल हाईजीनिस्ट अमित सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुरजीत सिंह, डेंटल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार और चिकित्साधिकारी डॉ. अमित सिंह अनुपस्थित पाए गए।
सभी अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। एलटी मृत्युंजय पांडेय के करीब दो माह से लगातार अनुपस्थित रहने पर उन्होंने गंभीरता से लिया। अधीक्षक को एलटी के स्थायी पते पर तत्काल नोटिस भेजने और अग्रिम कार्रवाई करने को कहा।
इसके बाद वह सीएचसी मेंहनगर पहुंचे। यहां महिला चिकित्साधिकारी डॉ. श्रेया सिंह छह दिन से, चिकित्साधिकारी डॉ. सरफराज अहमद तीन दिन से और वरिष्ठ सहायक नरेश कुमार एक दिन से अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, मरीज पंजीकरण, जांच व दवा वितरण, आपातकालीन सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, वार्ड व रेफरल व्यवस्था, दवा स्टॉक, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। मरीजों को सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।