बरदह। स्वच्छ भारत मिशन और साफ-सफाई की तमाम सरकारी योजनाओं को ठेंगा दिखाते हुए ठेकमा ब्लॉक के बिजौली गांव में पिछले चार माह से मुख्य मार्ग पर नाले का गंदा पानी बह रहा है। उपेक्षा और विभागीय उदासीनता के चलते मुख्य सड़क अब बजबजाते नाले में बदल गय है। इससे ग्रामीणों को भारी कठिनाई हो रही है।
जहां एक ओर सड़कों पर फैले गंदे पानी से पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है, वहीं दूसरी ओर संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समस्या से तंग आकर ग्रामीण अंकुर राय ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को निर्देश दिया है कि वे भूमि की वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करें।