गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कैसे हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे एक्सप्रेसवे के 308 किलोमीटर पर धरवार कला गांव के सामने हुआ। सुरक्षा अधिकारी गजानंद सिंह ने बताया कि बिहार से सरिया (छड़) लादकर लखनऊ जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व परिचालक उसमें फंस गए।
सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की बचाव टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेजा। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान चालक सुधीर कुमार पुत्र इंद्रपाल यादव, निवासी उस्मानपुर सहादतनगर, थाना पिहानी, जिला हरदोई तथा परिचालक दीपक कुमार के रूप में हुई है।
सुरक्षा अधिकारी गजानंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद जिस ट्रक से टक्कर हुई, वह मौके से चला गया। क्षतिग्रस्त ट्रक को हाइड्रा की मदद से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।