आजमगढ़ के खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के पास मुख्य मार्ग पर बेकाबू प्राइवेट बस की चपेट में आकर बाइक सवार रेलकर्मी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना के बाद बस चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया।
खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के पास मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह लगभग नौ बजे प्राइवेट बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार नीचे गिर पड़ा। इसके बाद भी चालक ने बस को नहीं रोका। युवक को रौंदते हुए निकल गया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात था युवक
सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त की कवायद में जुट गई। जेब में मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान अंकित मौर्य (28) पुत्र लालजी मौर्य निवासी कोल्हूपारा थाना जलालपुर जिला अंबेडकरनगर के रूप में हुई। वह दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर बतौर ट्रैक मेंटेनर के पद पर तैनात था।