ऑल इंडिया कारपेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के 66वे वार्षिक साधारण सभा में उमेश कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, शमीम अंसारी को उपाध्यक्ष, असीम अंसारी को मानद सचिव, शाहिद अंसारी को संयुक्त सचिव और जयप्रकाश गुप्ता को कोषाध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है।
20 सदस्यीय कार्यकारिणी की टीम में अनुभव और युवा निर्यातकों का समावेश है। नए पदाधिकारियों के लिए अमरीकी टैरिफ और वैश्विक आर्थिक मंदी के बीच कालीन उद्योग को उबारना बड़ी चुनौती होगी।
कालीन परिक्षेत्र की ढांचागत समस्याओं, केंद्र सरकार से कालीन उद्योग को मिलने वाली सुविधाओं की बहाली, विदेशी खरीदारों को भदोही तक आकर्षित करने, रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव जैसी समस्या दूर कर पाना नई टीम के लिए आसान नहीं होगा।पिछले कुछ वर्षों में विदेशी आयातकों का भदोही आना लगातार कम होता जा रहा है। भदोही कालीन उद्योग में वर्तमान में मझोले और लघु कालीन निर्यातकों की संख्या लगातार घटती जा रही है।