जिला अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाते राज्य कर्मचारी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण के क्रम में शुक्रवार को प्रथम चरण के तहत टीकाकरण कराने वाले हेल्थ वर्करों को जहां दूसरा डोज दिया गया तो वहीं दूसरे चरण के फ्रंट लाइन वर्करों को भी एक केंद्र के दो बूथों पर टीका लगाया गया। टीकाकरण कराने को लेकर लाभार्थियों में शुक्रवार को भी उत्साह देखने को मिला। कुल लक्ष्य 2545 के सापेक्ष 2441 का टीकाकरण किया गया।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को प्रथम चरण दूसरे डोज व द्वितीय चरण के शेष बचे लोगों के लिए प्रथम डोज का टीकाकरण आयोजित हुआ। दूसरे चरण के तहत मात्र एक केंद्र पुलिस लाइन में आयोजित किया गया था जहां दो बूथ स्थापित थे। इस केंद्र पर कुल 744 लोगों का शुक्रवार को कोरोना टीकाकरण हुआ। वहीं प्रथम चरण के तहत 22 जनवरी को टीकाकरण कराने वाले हेल्थ वर्करों के लिए 25 केंद्रों पर 33 बूथ स्थापित थे। जिस पर 1697 हेल्थ वर्करों को दूसरा डोज लगाया गया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को टीकाकरण काफी बेहतर रहा। हमने लक्ष्य से अधिक लोगों का टीकाकरण कराया। आगे भी प्रयास ऐसा ही रहेगा। जिन लोगों का भी नाम पोर्टल पर होगा, उनका टीकाकरण कराया जाएगा।