डीएम रविंद्र कुमार ने समस्त खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत को निर्देशित किया है कि शासनादेश के तहत पंचायत सहायक व अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के चयन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में जनपद के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक के 96 रिक्त पदों की सूचना उपलब्ध कराई गई है।
डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायतों को निर्देश दिया है। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर निर्धारित समय सारणी के अनुसार विज्ञप्ति प्रकाशित कराकर पंचायत सहायक व अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के चयन की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए। इसके बाद आवश्यक पत्रावली जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए ताकि आगे की कार्रवाई समय से हो सके। डीएम ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समस्त खंड विकास अधिकारी कार्यालय, सहायक विकास अधिकारी पंचायत तथा पंचायत राज अधिकारी कार्यालय आजमगढ़ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डीएम ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया पंचायत राज संस्थाओं में दक्ष और योग्य कर्मियों की तैनाती के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि ग्राम स्तर पर जनसंपर्क और प्रशासनिक कार्यों में सुधार हो सके।
भर्ती प्रक्रिया की समय-सीमा
- 21 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक ग्राम पंचायत द्वारा पंचायत सहायक/अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित करने की सूचना ग्राम पंचायत के सूचना पट्ट एवं मुनादी के माध्यम से प्रकाशित कराई जाएगी।
- 24 जनवरी से 07 फरवरी 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, विकास खंड कार्यालय एवं ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करने की अवधि रहेगी।
- 08 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय एवं विकास खंड कार्यालय में प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराया जाएगा।
- 13 फरवरी से 19 फरवरी 2026 तक ग्राम पंचायत में प्राप्त आवेदन पत्रों की श्रेष्ठता सूची (मेरिट लिस्ट) तैयार की जाएगी और ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत की जाएगी। समिति द्वारा अनुमोदित श्रेष्ठता सूची को जिला स्तरीय समिति के विचारार्थ समिति के सदस्य सचिव (जिला पंचायत राज अधिकारी) को उपलब्ध कराया जाएगा।
- 20 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण एवं संस्तुति की जाएगी।
- 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायत द्वारा नियुक्ति पत्र निर्गत किए जाएंगे।