जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रविवार को आयोजित रक्तदान महादान शिविर में रक्तदान करनेवाले लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। लगभग दो सौ लोगों ने रक्तदान कर इतिहास रच दिया। ब्लड बैंक के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि इतने लोगों ने ब्लडबैंक में स्वतः आ कर रक्तदान किया।
बताते चलें कि जनपद में ब्लड की कमी से होने वाली मौतों को देखते हुए विश्वजीत सिंह पालीवाल ने रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।
इसके तहत उन्होंने पूरे नगर क्षेत्र में जगह-जगह पोस्टर लगवाए। घरों में जा कर लोगों से मुलाकात की और रक्तदान की भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। इसका परिणाम रहा कि रविवार को रक्तदान करने के लिए ब्लड बैंक में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान लगभग दो सौ लोगों ने रक्तदान किया। जिसमें 15 महिलाएं भी शामिल थीं। वहीं लगभग 20 ऐसे लोग भी पहुंचे जिनका रक्त नहीं लिया जा सकता था। उन्हें वापस लौटा दिया गया। ब्लड बैंक प्रभारी डा. विनय कुमार सिंह यादव ने कहा कि इतनी बड़ी तादाद में ब्लड बैंक में आकर लोगों द्वारा रक्तदान करना इस ब्लडबैंक के इतिहास में एक रिकार्ड है। इस उपलबि्ध के लिए विश्वजीत सिंह पालीवाल और उनके सहयोगी बधाई के पात्र हैं।