आजमगढ़। यातायात नियमों को बार-बार नियम तोड़ने वाले सावधान हो जाएं। अब किसी ने पांच बार नियम तोड़ा तो उनके खिलाफ बड़ा एक्शन होगा। पांच या उससे अधिक बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर बीमा क्लेम नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों की आरसी भी निरस्त होगी। चालक के लाइसेंस भी निलंबित होंगे। इसके बाद वाहन से हादसा होने पर क्लेम नहीं मिलेगा।
दूसरे को हानि पहुंचाने पर खुद ही मुआवजा देना होगा। परिवहन विभाग ऐसे वाहनों की कुंडली तैयार कर रहा है। एसपी यातायात के भी लगातार ऐसे वाहन चालकों को सचेत कर रहे हैं। एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने बताया कि यातायात नियमों को तोड़कर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने की कवायद चल रही है।
जनपद की सड़कों पर अब बिना फिटनेस, परमिट, टैक्स, पांच से अधिक चालान और लगातार हादसों में शामिल वाहन सड़कों पर दौड़ नहीं सकेंगे। ऐसे वाहनों के लिए नई योजना के तहत कार्रवाई की तैयारी चल रही है। जिन्हें ऑनलाइन भी अपडेट किया जाएगा। जिससे ऐसे वाहनों का डाटा जल्द मिल सके। इसके बाद संबंधित वाहन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।