निजामाबाद। मिर्जापुर ब्लाक के आसगड़ा मुस्तफाबाद गांव में राशन की कालाबाजारी के शक में ग्रामीणों ने राशन की बोरियों से भरा ऑटो पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राशन लदे ऑटो को थाने ले आई। वहीं जांच करने के लिए आपूर्ति विभाग की टीम भी पहुंच गई। ग्रामीणों का आरोप है कोटेदार राशन की कालाबाजारी करता है।
जानकारी मुताबिक आसगड़ा मुस्तफाबाद गांव में कोटेदार ऑटो पर राशन की बोरी लदवा रहा था। ग्रामीणों की नजर इस पर पड़ी और उसे रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसडीएम निजामाबाद को सूचना दी। एसडीएम ने संबंधित थाना प्रभारी को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बताए हुए स्थान पर जा धमकी। पुलिस ने ऑटो चालक सहित उसके ऑटो व उस पर लदा राशन अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में खाद्यान्न अधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मौके पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही बताया जा सकेगा कि राशन कब आया था। किस गांव में उतरा और किस कोटेदार द्वारा इसकी कालाबाजारी की जा रही थी। इन सब की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।