प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर बना तरण ताल।
- फोटो : AZAMGARH
निजामाबाद/बिंद्रा बाजार। निजामाबाद कस्बा स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व मोहम्मदपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह से जलमग्न है। इन अस्पतालों में पहुंचने के लिए मरीजों व डॉक्टरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा रहा है। सबकुछ जिम्मेदारों के संज्ञान में है फिर भी जल निकासी की व्यवस्था न किए जाने से लोग परेशान हाल हैं।
निजामाबाद कस्बा में एसडीएम आवास के ठीक सामने ही नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। पूरा परिसर तीन तरफ से बरसात के पानी से घिरा हुआ है। अस्पताल पहुंचने में मरीजों के अलावा डॉक्टरों व कर्मचारियों को होना पड़ रहा है। परिसर में भरे बरसात के पानी से अब दुर्गंध भी उठने लगी है और लोग इसी के बीच से होकर अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं। एसडीएम निजामाबाद के आवास के ठीक सामने भी ऐसी स्थिति है। इसके बाद भी अब तक जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। ऐसा ही कुछ हाल मोहम्मदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी हुआ है। पूरा परिसर बरसात के पानी से जलमग्न है। परिसर में भरे पानी से होकर ही मरीज, कर्मचारी व डॉक्टर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं। अस्पताल ही नहीं परिसर में स्थित कर्मचारियों के आवास जाने वाले रास्ते भी बरसात के पानी से डूबे हुए हैं।