आजमगढ़। जनपद में विगत तीन दिनों से हो रही बारिश से जहां किसानों की खेती को फायदा पहुंचाया है वहीं आम जनमानस का जीना मुहाल हो गया है। नगर क्षेत्र में नगरपालिका और नगरपंचायतों की सारी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गई है। जगह-जगह जलभराव से लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है वहीं अब बरसात का पानी लोगों के घरों में भी घुसने लगा है।
बारिश की आस लगाए लोगों को मानसून की पहली बारिश ने राहत तो पहुंचाई है लेकिन उनके लिए मुसीबत का सबब भी बन गई है। इस बारिश से जहां लोगों ने गर्मी ओर उमस से राहत महसूस की है वहीं किसानों के लिए खुशी का पैगाम बनकर बरसी है। किसान धान की रोपाई के कार्य में जुट गए हैं। वहीं नगर क्षेत्र के मई मुहल्लों में जगह-जगह जलभराव हो गया है। जिसके कारण लोगों का कई मार्गों से गुजरना मुश्किल हो गया है। नगर क्षेत्र के कई मुहल्लों में पानी का निकास बाधित होने से लोगों के घरों में बरसात का पानी घुसने लगा है।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार की रात 11.30 बजे बसही अकबालपुर ग्राम निवासी चंद्रेश का कच्चा मकान गिर गया। जिससे उसके घर का पूरा सामान नष्ट हो गया। पीड़ित चंद्रेश के अनुसार उसके घर में पेटी में रखा सामान, गेहूं, चावल, बिस्तर, कपड़ा आदि सभी कुछ दब कर नष्ट हो गया। खनियरा गांव में बुधवार की रात बरसात के कारण श्रीनरायण और हरकेश सिंह का गौशाला और बैठका गिर गया। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार तरवां थाना क्षेत्र के महोली गांव में राम सरन राम का रिहायशी कच्चा मकान गिरने से एक गाय, बछिया, एक बकरी और दो उसके बच्चे दबकर मर गए। चावल, गेहूं, कपड़े, बर्तन आदि बर्बाद हो गए। गोपालपुर अतिबल पट्टी में रामबली सरोज के कच्चे मकान पर शीसम का पेड़ गिरने से घर में रखे सामान नष्ट हो गया। खुंटवा चक खुटवां में अजय राम के मकान पर पेड़ गिरने से मकान बैठ गया। खरगपुर फीडर पर दर्जनों पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई।
अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर तहसील के समैसा गांव के बनवारी गुप्ता का घर भारी बरसात के कारण धराशाही हो गया। बिंद्राबाजार प्रतिनिधि के अुनसार मुहम्मपुर विकास खंड के रानीपुर रजमो गांव से गुजरने वाले हाईवे पर बना नवनिर्मित अंडर पास में पानी भर गया जिससें ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है। जिससे पैदल चलना तो दूर बड़ी मुश्किल से मोटरसाइकिल ही निकल पा रही है। गोरिया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कें भी जलमग्न हो गई हैं। बिलरियागंज थाना गेट, इलाहाबाद बैंक,बिलरियागंज जीयनपुर मार्ग पर स्थित दुकानों से सामने जल भराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गोरिया बाजार-शिवनगर मार्ग पर ककरही गांव के पास चार विद्युत पोल गिर गए। बिलरियागंज आजमगढ़ मार्ग पर पटवध बाजार में पुराने बरगद का पेड़ गिर जाने से आवागमन काफी देर तक बंद रहा।अमिलो प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।बिजली न होने से पिछले 36 घंटों से अमिलो, पाही, ओझौली, इब्राहिमपुर, पिचरी, नरांव, गोंछा, मोईनाबाद, देवकली तारन आदि गांवों में बिजली गुल हो गई है जिससे पानी का संकट खड़ा हो गया है। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसारबारिश के कारण जगह-जगह बिजली के खंभे, आम, जामुन, नीम आदि के कई पेड़ सड़कों पर गिर गए। सुरहन गांव में सोनई का कच्चा मकान, भूलन के शौचालय पर पेड़ गिर गया। बेलवाना गांव के धर्मराज का कच्चा मकान के साथ करीब 10 ध्वस्त हो गए। अजाउर गांव में 10 मकान हरिजन बस्ती में, करूई गांव में सात, कस्बा फतेहपुर में दो तथा कालेपुर में छह गिर गए। एसडीएम मार्टीनगंज आसाराम यादव का कहना है कि हमारे स्तर से राजस्व की टीम को हर गांव में लगा दिया गया है। रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार बारिश से कस्बे के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर जगह जगह गड्ढ़े हो गए हैं। जौनपुर मुख्य मार्ग पर बेलइसा से लेकर कोटिला तक जगह जगह बड़े बड़े गड्ढ़े हो जाने से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। फरिहा प्रतिनिधि के अनुसार बारिश की वजह पूरा जनजीवन अस्त.व्यस्त तेज हवा के कारण जगह-जगह पेड़ गिर गए हैं। सरायमीर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के मुख्य मार्ग पर एक पटरी के किनारे नाला बना है। जबकि दूसरी पटरी की तरफ नाला न होने से पानी सड़क की पटरियों सहित पिच मार्ग पर भी लगा हुआ है। जिससे दूकानदारों सहित आने जाने वाले राहगीरों में रोष व्याप्त है।
बिंद्राबाजर मेहनगर रोड पर लगा बारिश का पानी।- फोटो : AZAMGARH