आजमगढ़। दो दिनों से जारी बारिश ने ग्रामीणांचलों में दुश्वारी पैदा कर दी है। तारों पर पेड़ की डालियां गिरने से कई गांवों में 15 घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति बाधित है। इन गांवों में पेयजल की आपूर्ति तक नहीं हो पा रही है। शहर के समीप जमालपुर और गोरखपुर भंवरनाथ बाईपास पर भी पेड़ गिरने के कारण घंटों आवागमन बाधित रहा।
मेहनाजपुर क्षेत्र के पांडेपुर, मऊ परासिन गांव के पास बबूल का पेड़ गिर जाने से चिरैयाकोट-वाराणसी मार्ग पर यातायात बाधित रहा। जगह-जगह बिजली के तारों पर पेड़ों गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई है। सठियांव क्षेत्र के इब्राहिमपुर बाजार में डीहवारा-जलालपुर संपर्क मार्ग डूब गया है। जल निकासी नहीं हो पा रही है। फरिहा रेलवे स्टेशन मार्ग पर पर 2 फीट पानी लगा है। जयप्रकाश यादव, फूलचंद मौर्य ने बताया कि हम लोगों को घूम कर दूसरे रास्ते से आना जाना पड़ रहा है। शुक्रवार की रात में सगड़ी क्षेत्र के बोझिया गांव के पास बिजली के तार पर दो पेड़ गिर गए और कुर्थीपुर गांव के पास भी पेड़ गिरने से तार टूट गए हैं। इससे बिलरियागंज और मिर्जापुर मालटारी उपकेंद्रों से जुड़े सौ से ज्यादा गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप है।