मौनी अमावस्या पर नदियों और सरोवरों में सोमवार की सुबह हजारों लोगों ने डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने अन्न और वस्त्र का दान कर परिवार के सुख-सम़द्िध की कामना की।
निजामाबाद संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के पौराणिक स्थल दत्तात्रेय धाम पर मौनी अमावस्या के पर्व पर भोर से लोगों की भीड़ जमा थी। लोगों ने कुंवर और टौंस नदी के संगम पर स्नान करने के बाद गरीबों में अन्न, पैसे और वस्त्र का दान किया।
इसके बाद दत्तात्रेय धाम पर स्थित मंदिर में पूजन-अर्चन कर परिवार के सुख-समृद्घि की कामना की।
अहरौला संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के दुर्वासा धाम स्थित तमसा-मंजूषा तट पर भोर से ही स्नान करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
कटानी बाजार संवाददाता के अनुसार, प्रसिद्घ पौराणिक स्थल बाबा भैरो धाम स्थित पवित्र सरोवर में भोर से ही श्रद्घालुओं का तांता लगा हुआ था। लोगों ने सरोवर में स्नान कर बाबा भैरोनाथ का पूजन अर्चन किया।
मेंहनगर संवाददाता केेे अनुसार, महामंडलेश्वर मंदिर स्थित पवित्र सरोवर में लोगों ने स्नान कर मौनी अमावस्या के अवसर पर बाबा भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया।
मौनी अमावस्या के अवसर पर लोंगो की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर काफी दुकानें सजी हुई थी। यहां पर पूजन अर्चन के बाद लोगों ने दुकानों से सामानों की खरीदारी की।