अतरौलिया कस्बे के लोदी किसान इंटर कालेज में मंगलवार को मुख्य अतिथि कारागार मंत्री बलराम यादव ने क्षेत्र के वरिष्ठ साहित्यकार डा. राजाराम सिंह की नई काव्य पुस्तक ‘राजाराम सिंह की प्रतिनिधि कविताएं’ और पत्रकार जयराम राय की पुस्तक ‘पत्रकारिता आज और कल’ का विमोचन किया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर की।
इस अवसर पर कारागार मंत्री बलराम यादव ने कहा कि राजाराम सिंह समकालीन कविता के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा की समय के सापेक्ष पत्रकारिता का स्वरूप बदला और साथ ही जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। जयराम ने पत्रकारिता के इतिहास को तलाशते हुए अपनी पुस्तक में इनकी विसंगतियों को बखूबी रेखांकित किया है।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित साहित्यकार पंकज गौतम ने डा. राजाराम सिंह को समकालीन कविता के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा उनके मारक व्यंग्य की चर्चा की। उन्होंने जयराम की पुस्तक को मीडिया का संग्रह बताया। बोले जयराम का यह निंबध संग्रह पत्रकारिता से जुडे़ सवालों को हर कोण से व्यक्त करता है।
विधायक डा. संग्राम यादव ने कहा कि राजाराम सिंह की कविताएं भ्रष्टाचार, अत्याचार, भाई-भतीजावाद, बेईमानी के विरुद्ध करारा व्यंग्य है और जयराम राय के संकलन ने पत्रकारिता जगत को एक सीख दी है। इसलिए इनकी रचना स्मरणीय है। इस मौके पर रामसागर, रामप्यारे यादव, चंद्रशेखर यादव, राधेश्याम लीडर, चंद्रजीत यादव, विंध्याचल सिंह आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केदारनाथ यादव ने की।