सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बनौरा मयनाथपट्टी आरिफपुर गांव निवासी एक व्यक्ति मंगलवार की सुबह पलतु मवेशी के हमले में घायल हो गया। उसे इलाज के लिए ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उस मृत घोषित कर दिया। मृतक गांव से प्रधानी पद का प्रत्याशी था। जिसके चलते चुनाव स्थगित किए जाने की संभावना जतायी जा रही है।
बनौरा मयनाथपट्टी आरिफपुर गांव निवासी 52 वर्षीय लछिराम यादव पुत्र स्व. दुखंती यादव ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी थे। सोमवार की सुबह वह घर पर अपने पालतु भैंस की रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान भैंस ने उन्हें झटका दे दिया और वे पीछे सिर के बल गिर पड़े। जिससे सिर में गंभीर चोट आ गई।
परिजन उन्हें तत्काल जीयनपुर कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पर ले गए जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखी और हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो पुत्र व तीन पुत्रियों का पिता था। वहीं प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत से चुनाव स्थगित होने की संभावना जतायी जा रही है। इस बाबत आरओ गंगेश्वर पाल ने बताया कि सूचना मुख्यालय को भेज दी गई है। जैसा निर्देश आएगा, वैसी कवायद चुनाव को लेकर की जाएगी।