आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) भर्ती 2016 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जनपद के 46 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में कुल 21635 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें कोरोना के कारण बहुतायत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए। प्रथम पाली में 7118 व द्वितीय पाली में कुल 7097 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन तो कराया गया लेकिन केंद्र के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों की धज्जियां उड़ाई गई।
आरओ-एआरओ भर्ती 2016 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 46 केंद्रों पर हुई। अभ्यर्थी मास्क व सैनिटाइजर लेकर अपने साथ परीक्षा देने पहुंचे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से शुरू हुई और 11.30 बजे तक समाप्त हो गई। प्रथम पाली में कुल 7118 अभ्यर्थी शामिल हुए जबकि 14517 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा 2.30 बजे से 3.30 बजे तक हुई। जिसमें कुल 7097 अभ्यर्थी उपस्थित व 14538 अनुपस्थित थे। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए कुल 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। परीक्षा हाल में भले ही कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया गया हो लेकिन परीक्षा केंद्र के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। अभ्यर्थियों की निकलती भीड़ को देख यह लग ही नहीं रहा था कि कोरोना काल है।