आजमगढ़। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 4387 मृतकों व 168 अपात्र लोगों के खाते में पैसा भेजा जा रहा था। इसकी पुष्टि पेंशनधारियों के सत्यापन में हुई है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की ओर से इनके खाते से पैसे की रिकवरी की तैयारी की जा रही है।
जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 90361 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया जाता है। अप्रैल माह में हुए सत्यापन में बड़ी संख्या में पेंशनधारकों के मृत मिलने व अपात्र मिलने की जानकारी हुई। समाज कल्याण विभाग की ओर से बैंकों के शाखा प्रबंधकों को पत्र भेजकर पेंशन की धनराशि वापस करने को कहा गया है। चालू वित्तीय वर्ष में लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया तो वृद्धावस्था पेंशन योजना के 4387 लाभार्थी मृतक और 168 अपात्र मिले। जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का हर साल वार्षिक सत्यापन होता है। इसी सत्यापन के दौरान इतने लोगों का पेंशन रोक दिया गया है। साथ ही बैंकों को पत्र लिखकर भेजे गए पैसे की रिकवरी करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में कुल 31 हजार 150 पात्र लोगों की पेंशन स्वीकृत हुई है। जल्द ही उनका भी लाभ मिलने लगेगा।