आजमगढ़। डाक विभाग रक्षाबंधन के पर्व पर अवकाश के दिन राखियों की डाक वितरित कराएगा। इस संबंध में डाक अधीक्षक ने सभी डाक कर्मियों को आदेश जारी कर दिया है। प्रवर डाक अधीक्षक ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व के दिन में दो बार डाक वितरित कराई जाएगी। जिससे बहनों द्वारा भेजी गई राखी भाइयों तक पहुंच सके।
दूसरे प्रदेश एवं देश में रहने वाली जो बहनें भाइयों के यहां रक्षाबंधन पर खुद राखियां बांधने नहीं आती हैं। वह डाक विभाग के माध्यम से भाइयों तक राखियां भेजती हैं। इस बार भी 10 दिन से दूरदराज स्थानों से बहनों द्वारा पोस्ट की गईं राखियों की डाक जिले में आ रही है। जिन्हें रोज के रोज वितरित कराया जा रहा है। रक्षाबंधन का पर्व 22 अगस्त यानी रविवार को है और रविवार के लिए साप्ताहिक अवकाश रहता है, लेकिन डाक विभाग ने सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। छुट्टी के दिन भी राखियों से जुड़ी डाक वितरित कराई जाएगी।
रविवार को अवकाश के दिन भी राखी से जुड़ी डाक वितरित कराई जाएगी। डाकिया को यदि एक बार में राखी लिफाफा रिसीव करने वाला व्यक्ति नहीं मिलता तो दूसरी बार फिर जाएगा और संपर्क कर हर हाल में राखी उनके घरों तक पहुंचाएंगे। इस दिन सिर्फ राखियों से संबंधित डाक ही भेजे जाएंगे।
योगेंद्र मौर्य, प्रवर डाक अधीक्षक प्रधान डाक घर आजमगढ़।