जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की स्कार्पियो भी बरामद किया है। वहीं चर्चा रही कि पुलिस ने चार युवकों को तीन-चार दिन पूर्व उठाया था, जिसमें से दो को गिरफ्तार दिखा दिया गया और दो अन्य को छोड़ दिया गया।
जीयनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार बुधवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि दोहरीघाट की तरफ से स्कार्पियो सवार बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए जीयनपुर आ रहे है। सूचना पर जीयनपुर कोतवाली के कोतवाल मुनीश चौहान ने टीम के साथ लाटघाट बाजार स्थित पुलिया पर घेराबंदी करा दी।
स्कार्पियो सवार बदमाशों ने पुलिया पर अवरोध देख कर गाड़ी रोक दी। पुलिस को देखकर एक बदमाश ने फायर झोंक दिया और दोनों बदमाश गाड़ी से उतर कर भागने लगे। जिन्हें पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में सिंटू राय उर्फ अमित पुत्र सुरेंद्र राय और पंकज राय पुत्र हरीश चंद्र राय निवासी डिघवनिया थाना जीयनपुर कोतवाली शामिल है।
इनके पास से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्कार्पियो बरामद की। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। वहीं क्षेत्र में चर्चा रही कि पुलिस ने चार युवकों को चार दिनों पूर्व उठाया था। जिसमें से सिंटू राय और पंकज राय की बुधवार को गिरफ्तारी दिखा दी गई और अन्य दोनों को छोड़ दिया गया।
पकड़े गए दोनों अपराधी शातिर किस्म के है। इन पर कई संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। बुधवार की सुबह इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद कुछ युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। -नरेंद्र प्रताप, एसपी ग्रामीण, आजमगढ़।