अहरौला। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार में बुधवार की रात तीन दुकानों से हुई लाखों की चोरी का पता लागने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को घटना स्थल से मिलीं शराब की बोतलों और शुक्रवार को अंग्रेजी शराब की दुकान की सीसी टीवी फुटेज की जांच की। ।
गोपालगंज बाजार स्थित कपड़ा, सराफा व मोबाइल की दुकान से बुधवार की रात चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया था। घटना से आक्रोशित बाजार वासियों ने बृहस्पतिवार को जाम कर प्रदर्शन भी किया। जाम की सूचना पर पहुंचे सीओ बूढ़नपुर महेंद्र शुक्ला ने 10 दिनों में चोरी की इस घटना का खुलासा कर लेने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को सेंध काटे जाने वाले स्थान के पास पुलिस ने अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद की थी। इन्हीं बोतलों से पुलिस ने अपने जांच की शुरुआत किया। शुक्रवार को कप्तानगंज थाना पुलिस बाजार में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर पहुंची और घटना वाले दिन की सीसी टीवी फुटेज लेकर जांच पड़ताल शुरू किया। देशी शराब की दुकान से भी पुलिस महकमा जानकारी जुटाने में जुटा नजर आया। महकमा यह जानने का प्रयास कर रहा है कि शराब की दुकानों पर दिन भर में अपराधी प्रवृत्ति का कौन-कौन व्यक्ति वहां आया था। गोपालगंज बाजार में बुधवार की रात हुई चोरी की घटना अहरौला व कप्तानगंज पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।
गुमटी का ताला तोड़ हजारों की चोरी
अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र के लंगडगंज बाजार में गुमटी में संचालित एक मोबाइल की दुकान का ताला तोड़ कर चोरों ने बृहस्पतिवार की रात दो हजार रुपये नकद व हजारों का सामान पार कर दिया। सुबह दुकानदार जब दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित दुकानदार महावीर उपाध्याय पुत्र राधेश्याम निवासी युधिष्ठिरपट्टी ने घटना के बाबत अहरौला थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।