आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की दिसम्बर की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने जिला अस्पताल के एसआईसी को निर्देश दिए कि ओपीडी नियमित रूप से चलाएं। जिला एवं महिला अस्पताल में दोनों पुलिस आरक्षियों की ड्यूटी लगाएं। सुरक्षा की दृष्टि से जिला अस्पताल में सीसी टीवी कैमरे की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, परिवार नियोजन, आशाओं का भुगतान, आयुष ओपीडी, टीबी मरीजों का अंकन आदि की समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में अहरौला, अतरौलिया, अजमतगढ़, जीयनपुर में खराब प्रगति पाए जाने पर इसे 90 प्रतिशत से ऊपर बढ़ाने के निर्देश दिए। टीकाकरण में मार्टीनगंज, पवई, बिलरियागंज में फुल इम्युनाइजेशन की खराब प्रगति मिली। सख्त निर्देश दिए कि जल्द से जल्द शत प्रतिशत टीकाकरण कराएं। मातृ वन्दना योजना लक्ष्य के सापेक्ष मोहम्मदपुर, ठेकमा, फूलपुर व आजमगढ़ अर्बन में फीडिंग कम मिली। गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण में कोयलसा, तहबरपुर, लालगंज, हरैया मे लक्ष्य के सापेक्ष कम फीडिंग मिली। परिवार नियोजन में ब्लाक पवई, तहबरपुर, रानी की सराय में पुरूष नसबन्दी, आईयूसीडी, पीपीआईयूसीडी (कॉपर टी), अन्तरा एवं छाया के आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम मिली। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, एसआईसी डॉ. अनूप कुमार सिंह, सीएमएस डॉ. मंजूला सिंह, एसीएमओ डॉ. संजय, डॉ. एके सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. वाईके राय, डॉ. परवेज अख्तर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य उपस्थित रहे।