जनपद में हो रहे धर्मांतरण को लेकर हिंदु युवा वाहिनी की बैठक शुक्रवार को अंबेडकर पार्क में हुई। बैठक के बाद हिंदु युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इस कार्य में जुटे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदु युवा वाहिनी के जिला संयोजक हरिबंश मिश्र ने कहा कि ईसाई मिशनरियों द्वारा जिले में लगातार धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। गुरुवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर चौकी अंतर्गत कादीपुर गांव में वृहद पैमाने पर धर्मांतरण कराया गया। इस संबंध में जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जिला मंत्री मनोज सिंह ने कहा कि गरीब हिंदू परिवारों को बहुत से लाभ का लालच देकर ईसाई बनाया जा रहा है। जिला उपाध्यक्ष विनोद सोनकर ने कहा कि जब कार्यकर्ताओं ने संबंधित थाने की पुलिस से जानकारी मांगी तब जाकर यह घृणित कार्य बंद कराया गया।
नगर संयोजक मिथिलेश चौरसिया ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित थाने को ऐसी कार्रवाई में लिप्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करें। इस मौके पर दिनेश चौहान, रामसकल चौहान, विरेंद्र मौर्या, रविंद्र यादव, हलधर दुबे, दिनेश कुमार, लालमन राजभर, रूद्रपताप पांडेय, अशोक यादव, महावीर विश्वकर्मा, प्रेम सागर, राजेश चौबे आदि थे।