शहर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की रात मंडल कारागार के पास स्थित बंधे से दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाश ीमें उनके पास से लूट के रुपये, मोबाइल और बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में एक अपने ससुराल में रहकर लूट की घटनाओं को अंजाम दिलवाता था।
शहर कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शानू कुरैशी गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के रामपुर मल्हनी गांव का निवासी है। जबकि परवेज अहमद बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बिंदवल गांव का रहने वाला है। दोनों गुरुवार की रात मंडल कारागार के सामने बंधे पर बाइक लेकर खड़े थे।
शक होने पर पुलिस ने इनकी तलाशी ली तो इनके पास से 33 हजार रुपये, दो मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान इन दोनों ने कबूल किया कि इनके पास से बरामद सारे सामान लूट के हैं। कोतवाल ने बताया कि शानू कुरैशी गोरखपुर जिले का चर्चित बदमाश है। पुलिस की सख्ती के चलते वह शहर के जालंधरी मुहल्ले में स्थित अपनी ससुराल में रहता है।