जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र के नहोरा डेरवा पुलिया के पास मंगलवार रात जलालपुर थाने की पुलिस, एसओजी टीम और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। बदमाशों की गोली से एक सिपाही भी घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष जलालपुर सत्यप्रकाश सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी आदेश त्यागी मंगलवार की रात करीब 11 बजे सुरहुरपुर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी दोपहिया वाहन पर सवार दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। वाहन सवार करीब आते ही रफ्तार तेज कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। नहोरा पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोलियां लगीं और सिपाही विकास सिंह घायल हो गए। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामूली रूप से घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एएसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में सेहमलपुर का सौरभ गुप्ता और बक्शा थाने के बढ़ारी धनियामऊ का रहने वाला रंजीत गौतम उर्फ राजा शामिल हैं। सौरभ पर बदलापुर, बक्शा, जलालपुर थाने में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं जबकि रंजीत पर जलालपुर और बक्शा थाने में लूट, प्राणघातक हमला के चार मुकदमे दर्ज हैं।