कटानी बाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के भीलमपुर गांव के पास 30 मार्च की रात एक युवक मृत हाल में पड़ा मिला था। शव को दुर्घटना मानते हुए पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया था। पीएम में गोली लगने और शरीर पर चोट के निशान मिलने की रिपोर्ट आने पर पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस आधार पर मुकदमा तो दर्ज हो गया लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
महराजगंज के टेड़िया बंजरिया गांव निवासी 38 वर्षीय राजू यादव पुत्र राजमन यादव 30 मार्च की रात भीलमपुर गांव के पास मृत हाल में पड़ा मिला था। वह सरदहा बाजार में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करता था। पुलिस ने हादसा बताते हुए शव को पीएम के लिए भेज दिया। पीएम की जब रिपोर्ट आई तो पता चला कि राजू की हादसे में मौत नहीं हुई थी बल्कि उसके पैर में गोली मारी गई थी और लाठी-डंडे से प्रहार कर उसकी हत्या की गई थी। इस पर पिता राजमन यादव ने महराजगंज थाने पर पुत्र की हत्या की तहरीर अज्ञात के खिलाफ दिया। इस घटना को दो माह से अधिक का समय बीत गया लेकिन अब तक पुलिस खुलासा करना तो दूर अपराधियों का पता भी नहीं लगा सकी है। पिता का आरोप है कि महराजगंज थाना पुलिस आरोपियों को बचा रही है। मृतक का मोबाइल और बाइक भी पुलिस उठा ले गई है। वहीं एसओ महराजगंज अरविंद कुमार का कहना है कि युवक की हत्या नहीं हुई है। उसकी हादसे में मौत है। प्रकरण का टेक्निकल मुआयना भी करा लिया गया है। एक-दो दिन में प्रकरण में फाइनल रिपोर्ट लग जाएगी।