सरायमीर। गृह मंत्रालय की ओर से प्राप्त सूचना के बाद साइबर क्राइम पुलिस अलर्ट हो गई है। थाना सरायमीर क्षेत्र से जुड़ा यह मामला फेसबुक के माध्यम से अश्लील सामग्री भेजने और अपलोड करने से संबंधित है। एनसीएमईसी साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को त्वरित विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तो पुलिस ने सरायमीर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त पत्र में बताया गया है कि संदिग्ध मोहम्मद दानिश निवासी-61, चुडीहार साउथ, सरायमीर का मोबाइल नंबर इस फेसबुक अकाउंट से जुड़ा हुआ है, जिसके जरिए अश्लील सामग्री अपलोड की गई। साइबर क्राइम सेल, रानी की सराय ने थाना प्रभारी को निर्देश दिया है कि रिपोर्ट में उपलब्ध साक्ष्यों को संकलित कर प्रमाणित प्राधिकार पत्र और पेन ड्राइव के माध्यम से अति संवेदनशील डाटा की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही संदिग्ध के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की बात कही है। इस संबंध में सरायमीर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि मामला साइबर से जुड़ा हुआ है। उक्त युवक द्वारा सोशल मीडिया अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप है। साइबर थाने की सूचना पर सरायमीर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अभी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।