फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में बुधवार की शाम छह बजे पुलिस ने एक शिक्षक का चालान काट दिया। इसे लेकर शिक्षक का पुलिस कर्मियों से विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस शिक्षक को चौकी पर ले गई और जमकर पिटाई कर दिया। शिक्षक ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
निजामाबाद थाना के हुसामपुर बड़ा गांव ग्राम निवासी राम बुझारत एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक हैं। बुुधवार की शाम वह सामान खरीदने के लिए फरिहां बाजार आए थे। सामान खरीद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान फरिहां चौक पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान हेलमेट व मास्क न लगाने पर राम बुझारत का एक हजार रुपये का चालान काट दिया। इसी बात को लेकर रामबुझारत की चौकी प्रभारी रत्नेश से कहासुनी हो गई। शिक्षक का आरोप है कि इसके बाद चौकी प्रभारी उन्हें चौकी पर ले गए और जम कर पिटाई की। इसके साथ ही उसका 151 में चालान भी कर दिया। वहीं रामबुझारत के पिता राम कुंवर ने आरोप लगाया है कि चौकी प्रभारी ने उसके पुत्र को पहले मारा पीटा और फिर चालान भी कर दिया है। वहीं एसओ शिवशंकर ने बताया कि शिक्षक ने बिना हेलमेट व बिना मास्क होने पर चलान काटे जाने पर चौकी प्रभारी पर भड़क उठा था और बदसलूकी की थी। इस पर चौकी प्रभारी ने कार्रवाई की है।