अपराधी अपनी मां को शहाबुद्दीनपुर ग्राम प्रधान पद पर चुनाव लड़ा रहा था। इस दौरान वह अपने साथियों के साथ शराब भी बांट रहा था। जिसकी सूचना पर थाना पुलिस गांव में पहुंची तो पुलिस टीम पर हमला कर फरार हो गया था। उस पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा बाजार के पास शनिवार की देर शाम एसटीएफ लखनऊ की टीम ने थाने के टॉपटेन अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त की गिरफ्तारी हुई। पंचायत चुनाव के दौरान उसने साथियों के साथ पुलिस टीम पर हमला भी किया था। जिस पर एसपी ने उस पर 15 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
विज्ञापन
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की टीम शनिवार को जिले में थी। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा बाजार के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टॉपटेन अपराधी प्रदीप यादव निवासी शहाबुद्दीनपुर बस से उतरा और पैदल ही बिलरियागंज की तरफ जाने लगा।
पुलिस ने उसे रोक कर पूछताछ की और पुष्टि होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रदीप अपनी मां को शहाबुद्दीनपुर ग्राम प्रधान पद पर चुनाव लड़ा रहा था। इस दौरान वह अपने साथियों के साथ शराब भी बांट रहा था। जिसकी सूचना पर बिलरियागंज थाना पुलिस गांव में पहुंची तो पुलिस टीम पर हमला कर फरार हो गया था।
उस मामले में बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें प्रदीप के अलावा जगदीप व संदीप को भी नामजद किया गया था। उक्त घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। प्रदीप थाने का टॉपटेन अपराधी है और उस पर 15 हजार का इनाम भी घोषित था।