आजमगढ़ जिले में अतरौलिया क्षेत्र के फर्जी दस्तावेज पर परिषदीय विद्यालय में विज्ञान शिक्षक की नौकरी करने वाले को पुलिस ने बुधवार को अतरौलिया रोडवेज अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह संतकबीर नगर जिले का रहने वाला है। सत्यापन में फर्जीवाड़ा पकड़ में आने पर एसडीआई ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
संतकबीर नगर जिले के सतहरा गांव निवासी रामजतन ने आजमगढ़ के जिलाधिकारी को पत्र देकर अतरौलिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय जमीन दसांव में तैनात शिक्षक नंदलाल उपाध्याय पर फर्जी दस्तावेज के जरिए नौकरी करने की शिकायत की थी। नंदलाल भी संत कबीर नगर सतहरा का गांव का ही रहने वाला है। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से दस्तावेजों की जांच करने को कहा।
नंदलाल से स्पष्टीकरण मांगा गया तो उसने जो प्रमाण पत्र जमा किए वे सत्यापन में फर्जी पाए गए। ऑनलाइन सत्यापन में पता चला कि नंदलाल ने राम निहाल नामक किसी व्यक्ति के दस्तावेज को परिवर्तित करके प्रस्तुत किया था। इसके बाद एसडीआई ने अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अतरौलिया पुलिस ने नंदलाल को बुधवार की शाम अतरौलिया रोडवेज के पास से गिरफ्तार कर लिया।