उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा के लिए जिले में 30 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 13,344 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री परीक्षा के दिन सुबह पांच बजे कोषागार से प्राप्त की जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित समय के भीतर प्रश्नपत्रों को संबंधित केंद्रों तक पहुंचाएंगे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सीलबंद पैकेट और ट्रंक को उसी दिन कोषागार में जमा कराया जाएगा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा के दिन सुबह छह बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रश्नपत्रों के पैकेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्राध्यक्ष, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, दो कक्ष निरीक्षकों और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए खोले जाएंगे।
पैकेट खोलने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि वह संबंधित परीक्षा केंद्र के लिए ही है। प्रश्नपत्र खोलने और वितरण की प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी।
0000
केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी
अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लागू रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर यह दायरा बढ़ाया भी जा सकेगा। केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अलावा अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट और कॉपीयर की दुकानें भी बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग भी प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति या अभ्यर्थी को शस्त्र लेकर केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उपजिलाधिकारी सदर, सगड़ी, निजामाबाद और बूढ़नपुर को अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।