कप्तानगंज। कंधरापुर थाना क्षेत्र के जमुआ हरिराम गांव, तहबरपुर रोड स्थित मंदुरी तिराहे के पास शनिवार की रात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक ही रात में तीन घरों में चोरी की। चोरों ने पुलिस सहायता केंद्र से महज 200 मीटर की दूरी पर यह वारदात की।
चोरों ने चोरी करने से घर के कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजे की कुंडी पहले बंद की इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पहली वारदात हरिप्रसाद के घर में हुई, जहां चोर आलमारी व चार बक्सों के ताले तोड़कर करीब दो लाख नकद, पेंशन की रकम, शिक्षक पत्नी सरिता देवी के 10 लाख रुपये नकद के साथ 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चुरा ले गए। वहीं, दूसरी चोरी बगल के मकान में हुई, जो पूर्व प्रधान भिखू राम का है।
परिवार के लोग ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, नीचे से कुंडी बंद कर चोरों ने चार आलमारी के ताले तोड़कर 35 हजार रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।
तीसरी वारदात आजमगढ़ रोड स्थित एक घर में हुई, जहां चोरों ने 10 हजार की नकदी और पर्स से 270 रुपये निकाल लिए। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच कर वापस लौट गई। क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्याप्त है, क्योंकि घटनाएं पुलिस सहायता केंद्र के बेहद करीब हुईं, फिर भी चोर बेखौफ होकर चोरी कर फरार हो गए।