आजमगढ़। जिला अस्पताल की ओपीडी अब तक शुरू नहीं हुई है। जबकि यहां सामान्य ओपीडी शुरू किए जाने का निर्देश मंडलायुक्त व सीएमओ दे चुके है। ओपीडी न शुरू होने से अस्पताल आ रहे मरीजों को को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल की सामान्य ओपीडी जल्द से जल्द खोले जाने की जरूरत है ताकि आम जनता को राहत महसूस हो सके। जिला अस्पताल में प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के रोगों से पीड़ित हजारों की संख्या में मरीज पहुंचते हैं। कोरोना काल में चिकित्सक मरीजों का उपचार करने से बच रहे हैं। इसी बीच अस्पताल के फिजिशियन जब कोरोना पाजीटिव हो गए तो अस्पताल में ओपीडी बंद कर दी गई। जो अब तक शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि जानकारी के अभाव में प्रतिदिन यहां मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के न मिलने पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। दूर-दूर से लोग इलाज की चाह में यहां पहुंचने वाले मरीजों को निराशा ही हाथ लग रही है। वहीं डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद चिकित्सक ओपीडी में बैठने से कतराने भी लगे हैं। लेकिन इन्हीं चिकित्सकों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस से परहेज नहीं किया जा रहा है।
बोले मरीज, मालूम होता तो आते ही नहीं
आजमगढ़। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल इलाज के लिए पहुंचे छिहीं निवासी अजय, बयासी निवासी विनोद सोनकर, बिशुनपुर निवासी गुड़िया और बिशुनपुर निवासी मेवा ने बताया कि वह दवा लेने के लिए आए थे। काफी देर से बैठे हैं लेकिन उन्हें किसी ने नहीं बताया कि डाक्टर ओपीडी नहीं करेंगे। अगर पहले से मालूम होता कि डाक्टर साहब नहीं मिलेंगे तो आते ही नहीं। अब किसी प्राइवेट डाक्टर को दिखाकर घर जाएंगे।