शासन के आदेश की अवहेलना का एक और प्रकरण मंडलीय चिकित्सालय में सामने आया है। ब्लड बैंक में तैनात किए गए पैथालॉजिस्ट को अस्पताल प्रशासन पद न होने की बात कहते हुए ज्वाइन नहीं करा रहा है। इसके चलते शासन द्वारा भेजे गए पैथालॉजिस्ट ने पत्र के माध्यम से चिकित्सा अनुभाग आठ में शिकायत किया है।
मंडलीय अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में पैथालॉजिस्ट का पद काफी दिनों से रिक्त था। जिस पर शासन ने जिले में बतौर मंडलीय सर्विलांस अधिकारी के पद पर तैनात डॉ. राहुल सिंह की तैनाती किया है। शासन से पत्र आने पर डॉ. राहुल जब पदभार ग्रहण करने के लिए ब्लड बैंक पहुंचे तो उन्हें यह कहते हुए पदभार ग्रहण कराने से इंकार करा दिया गया कि पैथालॉजिस्ट का पद ही खाली नहीं है। उस पर बस्ती से स्थानांतरित होकर आए डॉ. अनूप कुमार की तैनाती है। तैनाती स्थल पर पदभार ग्रहण करने के लिए डॉ. राहुल अस्पताल प्रशासन का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि बस्ती से स्थानांतरित होकर मंडलीय अस्पताल में आए डॉ. अनूप कुमार वरिष्ठ परामर्शदाता के पद पर आए हैं। ब्लड बैंक में पैथालॉजिस्ट का पद अभी रिक्त है। इसके बाद भी उन्हें पदभार ग्रहण नहीं कराया जा रहा है। इस बाबत उन्होंने अनु सचिव चिकित्सा अनुभाग आठ को पत्र भेज कर पदभार ग्रहण कराये जाने और एसआईसी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी किया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन उन्हें ईएमओ के पद पर पदभार ग्रहण करने का दबाव बना रहा है। वहीं इस बाबत जब एसआईसी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि डॉ. राहुल कल आ रहे हैं, उन्हें ब्लड बैंक के पैथालॉजिस्ट के पद पर पदभार ग्रहण कराया जाएगा। कुछ भ्रम की स्थिति थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है।