नोटिस जारी करने के बाद भी बिल का भुगतान न होने के चलते बिजली विभाग ने सीएमओ दफ्तर की बिजली काट दी। जबकि अन्य ब्लाकों के अस्पतालों को नोटिस दिया गया है। सीएमओ कार्यालय सहित अस्पतालों का करीब तीन करोड़ रुपये का बकाया है। बिल जमा करने के लिए कई बार इन्हें नोटिस दिया जा चुका है। कार्यालय की लाइट कट जाने से कई महत्वपूर्ण कार्य बाधित है।
जिला अस्पताल परिसर में मुख्य चिकित्साधिकारी का कार्यालय है। कई माह से सीएमओ कार्यालय द्वारा विद्युत बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। वसूली पर सरकार का दबाव पड़ने से हलाकान विद्युत विभाग के शहर एसडीओ एसके पांडेय ने बिल जमा करने के लिए कई बार मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखा लेकिन बिल जमा नहीं हो सका। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों का बकाया नहीं जमा कराया गया तो वहां की भी बिजली काट दी जाएगी।
सीएमओ डा. बीके अग्रवाल ने बताया कि उन्हें चार्ज लिए कुछ ही दिन हुए हैं। बकाया की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने शासन से बजट की मांग की। धन मिलने पर भुगतान किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि कार्यालय की बिजली कटने से कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनरेटर से काम चलाया जा रहा। लेकिन डीजल का भार अतिरिक्त बढ़ रहा है।