तीन दिन आंधी-पानी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
आजमगढ़। जिले में बदले मौसम से तेज हवा और बारिश का दौर चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए तेज हवा संग पानी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक जिले में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। तेज हवाओं और बारिश के इस दौर का असर जनजीवन पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस बदले मौसम ने लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत दी है। आईएमडी के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 30 तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। बीते दिनों जहां तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ था, वहीं अब इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का भी अहसास होने लगा है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखें।
दिन में छाई काली घटा, चली हवाएं, आधे घंटे हुई बारिश
जिले में सोमवार की सुबह हल्की धूप निकल गई। करीब साढ़े सात बजे के बाद अचानक मौसम बदलने लगा और देखते-देखते काले बादल छाने लगे। काली घटा छाने से एकबारगी शाम का एहसास होने लगा। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इसके बाद फिर हल्की धूप निकल आई। एक बार फिर दोपहर में काले बादल छाने लगे। दो बजे से बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक छिटपुट बारिश होती रही।
बेमौसम बारिश ने शादी वाले घरों की बढ़ाई मुसीबत
कप्तानगंज। क्षेत्र में सोमवार की दोपहर करीब एक बजे घने बादलों के बीच तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली पर वैवाहिक कार्यक्रम वाले घरों के लिए परेशानी खड़ी हो गई। बारिश ने उनकी तैयारियों पर ग्रहण लगा दिया।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ वर्षा हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। आगे दो-तीन दिनों तक मौसम इसी प्रकार का बना रहेगा। तेज हवा चलेंगे, इसके साथ बारिश भी हो सकती है। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी राज्य मौसम विभाग।
तहसील परिसर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, आवागमन बाधित- बूढ़नपुर। तहसील परिसर में इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और फरियादियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि हल्की बारिश के बाद ही परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है।
तहसील में प्रतिदिन आने वाले लोगों को कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे न केवल असुविधा बढ़ रही है, बल्कि संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। कार्य से जुड़े लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अधिवक्ता सूर्यप्रकाश, जगत नारायण तिवारी, अनिल सिंह, जोगिंदर, रामविनय और सौरभ सहाय ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इससे न्यायिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अभय राज पाण्डेय ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के कारण तहसील परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र ही नाली निर्माण कराया जाएगा, जिससे जल निकासी सुचारु हो सके।