लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के बैजावारी गांव निवासी कमला यादव के कटरैन के मकान पर सोमवार की दोपहर तेज गड़बड़ाहट के साथ बिजली गिरी। इससे एक कमरे में रखा हुआ बिस्तर, लकड़ी की चौकी आदि सामान जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि बगल के कमरे में बैठे कमला यादव साफ-साफ बच गए। वहीं ईंट की दीवार भी फट गई।
सूचना मिलते ही मौके पर लेखपाल पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैजावारी निवासी कमला यादव ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 2:20 बजे तेज हवा के साथ बरसात हो रही थी। इसी बीच तेज आवाज के साथ उनके आवासीय कटरैन से बने मकान पर बिजली गिरी। इससे आग लग गई, जिसमें कमरे में रखा चौकी, बिस्तर, बर्तन सहित सब सामान जल गया। बगल के कमरे में वह भी बैठे थे, बाल-बाल बच गए। बिजली के गिरने की गति इतनी तेज थी कि दीवारें भी कई जगह फट गई।
ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। संजोग अच्छा था कि जिस समय बिजली गिरी उस समय बरसात भी हो रही थी। इससे आग फैल नहीं पाई। सूचना पर स्थानीय लेखपाल सर्वेश यादव मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। लेखपाल ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है।
बारिश में जलमग्न हुआ कस्बा, जनजीवन अस्त-व्यस्त-बिलरियागंज। सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश ने नगर पालिका क्षेत्र की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के कारण कई मोहल्लों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान बाजार क्षेत्र में यूनियन बैंक से सटे एकरामनगर और शिवनगर पोस्ट ऑफिस मार्ग पर पानी भर गया। सड़कें जलमग्न हो जाने के कारण लोगों का घरों से निकलना और दैनिक कार्यों के लिए जाना मुश्किल हो गया। इसी तरह, बाजार स्थित यूनियन बैंक के पास एक कटरे में नाला जाम होने के कारण बारिश का पानी दुकानों के बरामदों तक पहुंच गया।
दुकानदारों को अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए मजबूर होना पड़ा। राजकुमार, श्रीराम, प्रमोद कुमार और प्रिंस जायसवाल ने बताया कि हर बार तेज बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थाई समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संवाद