आजमगढ़। प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधन विधेयक के विरोध में शुक्रवार को भी दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। अधिवक्ताओं ने संघ के सभागार में अपनी बैठक की। जुलूस निकालकर प्रदर्शन व नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। चर्च चौराहे पर आधा घंटा सांकेतिक चक्का जाम किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि यह कानून लाकर अधिवक्ताओं के अधिकारों और स्वतंत्रता को कुचलकर सरकार अपनी निरंकुशकारी सत्ता को स्थापित करने का प्रयास कर रही है। अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मत से प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्यायिक कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव और संचालन सहमंत्री जितेंद्र यादव ने की। उधर अधिवक्ता संशोधन विधेयक के विरोध में जिला बार के अधिवक्ता भी अध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का चक्रमण किया। संचालन मंत्री रामनयन यादव ने किया। सेंट्रल बार के अधिवक्ताओं की बैठक संघ के सभागार मेंं अध्यक्ष जय प्रकाश राय की अध्यक्षता में हुई।
इसके अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संशोधन विधेयक का विरोध किया। एक मार्च को बलिया में होने वाले अधिवक्ता सम्मेलन में अधिक से अधिक अधिवक्ताओें से भाग लेने की अपील की। फूलपुर में तहसील बार एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को संघ के पुस्तकालय भवन में अध्यक्ष विनोद यादव और मंत्री संजय यादव के संचालन में हुई।
बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने संशोधन विधेयक का विरोध करते हुए तहसील में प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। संवाद