यूपी के आजमगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इकलौते विधायक अरुण कांत यादव विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। फूलपुर-पवई सीट पर सपा के टिकट पर पिता रमाकांत यादव के चुनाव लड़ने के एलान के बाद उन्होंने सीट छोड़ी है। अरुण कांत एमएलसी चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को उन्होंने तीन सेटों में नामांकन पत्र खरीदा।
अरूण कांत यादव के पिता रमांकात यादव सपा से फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गए हैं। पिता के मैदान में उतरने के कारण अरूण कांत यादव ने इस सीट से विधानसभा का चुनाव न लड़ने की बात कही थी और उन्होंने विधान परिषद चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे।
शुक्रवार को नामांकन पत्र खरीद कर उन्होंने चर्चाओं का बाजार एक बार फिर से गर्म कर दिया। हालांकि भाजपा, सपा और बसपा की ओर से अभी तक पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है।